देहरादून। हरबर्टपुर (विकास नगर) निवासी कुमारी वसुप्रिया का चयन भारतीय वायुसेना में फ्लाईंग आफिसर के पद पर हुआ है। भारतीय वायुसेना द्वारा आधिकारिक चयन सूची में घोषित होने के बाद क्षेत्र में हर्ष की लहर दौड़ गई।
वसुप्रिया ने प्रारंभिक शिक्षा पिथौरागढ़ से हासिल करने के बाद सेंट मेरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल विकासनगर से 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। दिल्ली विवि से बीएससी (आनर्स) वनस्पति विज्ञान करने के बाद जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से पर्यावरणीय विज्ञान में स्नातकोत्तर उपाधि हासिल करने के साथ ही यूजीसी नेट परीक्षा भी उत्तीर्ण की। वसुप्रिया के पिता डा. मुकेश कुमार वर्तमान में राजकीय महाविद्यालय नैनबाग (टिहरी) में प्राचार्य पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता सुमन रानी गृहणी हैं। वसुप्रिया ने कहा कि उक्त उपलब्धि उनके माता—पिता, गुरुजनों और सतत परिश्रम की देन है। वसुप्रिया का चयन न केवल उनके परिवार, अपितु विद्यालय, महाविद्यालय और प्रदेश के लिए भी गर्व का विषय है। स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने वसुप्रिया की सफलता पर हर्ष जताया।