ऑपरेशन क्रैकडाउन: 49 संदिग्ध हिरासत में

– एसपी सिटी के नेतृत्व में दून पुलिस का बड़ा सत्यापन अभियान

देहरादून। अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत दून पुलिस ने कोतवाली नगर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस दो बसों में भरकर संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लेकर पहुंची और कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने लक्ष्मण चौक चौकी क्षेत्र के गांधी ग्राम, न्यू पार्क रोड, गुरुद्वारा रोड और मालवीय नगर में सघन सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान क्षेत्र में रह रहे बाहरी जनपदों और राज्यों के लोगों तथा किरायेदारों का व्यापक स्तर पर सत्यापन किया गया।अभियान के दौरान कुल 469 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। पुलिस जांच के समय 49 व्यक्ति अपनी पहचान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। ऐसे सभी संदिग्धों को बीएनएसएस की धारा 172 के तहत हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने लाया गया। इसके अलावा पुलिस ने उन मकान मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की, जिन्होंने किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराया था। इस मामले में 92 मकान मालिकों के खिलाफ 83 पुलिस एक्ट के तहत चालान करते हुए 9 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले 49 व्यक्तियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान कर 12 हजार 250 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में संदिग्ध व्यक्तियों और बिना सत्यापन रह रहे किरायेदारों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *