– सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करने वाले सात गिरफ़्तार
देहरादून। कांवली रोड स्थित गुरुद्वारा वाली गली में बुधवार को दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने उग्र रूप ले लिया। दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और सार्वजनिक स्थान पर जमकर हुड़दंग किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली नगर पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। वहां दोनों पक्ष एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंक रहे थे, जिससे आसपास से गुजर रहे लोगों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया था। पुलिस ने पहले दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और आपसी मारपीट पर उतारू हो गए। हालात को देखते हुए पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के सात लोगों को धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए लोगों में राहुल सिंह (21), विशाल (30), जसपाल सिंह (26), बबली कौर (48), नर्मता (20), सिमरन (28) और सीता कौर (48) शामिल हैं। सभी आरोपी शिवाजी मार्ग, कांवली रोड क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी लक्ष्मण चौक उपनिरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कुसुमलता पुरोहित, ज्योति कन्याल समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
