पुलिस कस्टडी में पीआरडी जवान की संदिग्ध मौत… थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

– पेट्रोल पंप पर नशे में हंगामा करने के बाद रायपुर थाने की हवालात में बेहोश पाया गया
– परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जिला युवा कल्याण विभाग में तैनात पीआरडी जवान सुनील रतूड़ी (45 वर्ष) की पुलिस हिरासत में संदिग्ध मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, लाडपुर स्थित महादेव फ्यूल पैट्रोल पंप पर शराब के नशे में हंगामा करने और पेट्रोल के पैसे न देने के मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया था। थाने में हंगामा जारी रखने पर उन्हें हवालात में बंद किया गया, जहां कुछ देर बाद उन्हें बेहोश हालत में पाया गया। तुरंत कोरोनेशन अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक 28 मार्च  को दोपहर करीब 3:15 बजे सूचना मिली कि लाडपुर के महादेव फ्यूल पैट्रोल पंप पर एक व्यक्ति शराब के नशे में धुत होकर पेट्रोल भरवाने के बाद पैसे देने से मना कर रहा है और कर्मचारियों से बदतमीजी व झगड़ा कर रहा है। चीता टीम मौके पर पहुंची और व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया, लेकिन नशे में होने के कारण वह नहीं माना।
चीता टीम ने व्यक्ति को उसके वाहन सहित थाने लाया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुनील रतूड़ी, पुत्र शिवानंद रतूड़ी, निवासी 10 पीआरडी कॉलोनी, तपोवन रोड, देहरादून बताया। पुलिस ने उसे धारा 185/207 एमवी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।
थाने में सुनील रतूड़ी ने लगातार हंगामा और शोर-शराबा किया, बार-बार बाहर जाने की कोशिश की। एक परिचित थाने पहुंचा, लेकिन जमानत के बारे में स्पष्ट जवाब न देकर चला गया। हंगामे के कारण उन्हें जामा तलाशी के बाद हवालात में भेज दिया गया।
थोड़ी देर बाद निगरानी ड्यूटी पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल ने चेक किया तो सुनील रतूड़ी बेहोश हालत में मिले। पुलिस ने तुरंत उन्हें हवालात से बाहर निकालकर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोबाल ने मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए थानाध्यक्ष रायपुर सहित थाने के तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया है।
मृतक के परिजनों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
घटना की सूचना पर उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतक का पंचनामा मजिस्ट्रेट द्वारा तैयार किया जाएगा और पूरे प्रकरण की जुडिशियल/मजिस्ट्रेट जांच कराई जाएगी। शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी सहित कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *