– राजपुर क्षेत्र में दो कार सवारों के बीच सड़क पर शुरू हुआ विवाद बना जानलेवा
– फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की नाकेबंदी
देहरादून। देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह ओवरटेकिंग को लेकर दो कार सवारों के बीच हुआ विवाद उस समय दर्दनाक हादसे में बदल गया, जब एक कार को रोकने के लिए टायरों पर की गई फायरिंग की चपेट में आकर मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश में पूरे जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब 6:50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव क्षेत्र में फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी सहित अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मसूरी रोड पर मालसी के पास एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो-एन में सवार लोगों के बीच वाहन को पास न देने को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर का पीछा किया और उसे रोकने के लिए उसके टायरों पर फायरिंग कर दी। इसी दौरान एक गोली सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति को लग गई। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
फायरिंग के बाद फॉर्च्यूनर वाहन राजकीय प्राथमिक विद्यालय, जोहड़ी गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। इसके बाद स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर में सवार लोगों के साथ मारपीट की और वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में फॉर्च्यूनर में सवार दो लोगों को भी चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना को अंजाम देने के बाद स्कॉर्पियो सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में नाकेबंदी कर दी है और संभावित मार्गों पर सघन चेकिंग की जा रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
