चारधाम यात्रा 2026 को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट: 1350 डॉक्टर और स्टाफ की तैनाती

– 25 मेडिकल रिलीफ पोस्ट बनाए गए

देहरादून।19 अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। विभाग ने यात्रा मार्ग पर 1350 डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मचारियों की तैनाती का फैसला किया है। इनमें सरकारी के साथ-साथ निजी मेडिकल कॉलेजों के विशेषज्ञ डॉक्टर भी शामिल होंगे, जो तीर्थयात्रियों को 24 घंटे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएंगे।
स्वास्थ्य विभाग यात्रा रूट पर 25 मेडिकल रिलीफ पोस्ट स्थापित कर रहा है। मुख्य प्रवेश पॉइंट्स पर सख्त मेडिकल चेकअप और स्क्रीनिंग की व्यवस्था रहेगी। यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य एडवाइजरी भी लगाई जाएंगी, ताकि श्रद्धालु ऊंचाई से संबंधित बीमारियों से पहले से बचाव कर सकें।
महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य डॉ. सुनीता टम्टा ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतरीन और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं देना विभाग की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसके लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों को विशेष रूप से तैनात किया जा रहा है। यात्रा शुरू होने से पहले डॉक्टरों और स्टाफ को जनपद स्तर तथा देहरादून मेडिकल कॉलेज में विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में हाई अल्टीट्यूड वाले क्षेत्रों में होने वाली समस्याओं जैसे सांस लेने में तकलीफ, अत्यधिक थकान, ब्लड प्रेशर का उतार-चढ़ाव और हार्ट संबंधी इमरजेंसी का त्वरित इलाज सिखाया जा रहा है। आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने का अभ्यास भी कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *