– राजपुर क्षेत्र के जंगल में घेराबंदी कर दो संदिग्ध दबोचे, एक पिस्टल बरामद
देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में ब्रिगेडियर मुकेश की हत्या के मामले में दून पुलिस को शनिवार को बड़ी सफलता मिली। सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को हत्या में शामिल संदिग्ध बदमाशों की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उनका पीछा शुरू किया। यह पीछा गुनियाल गांव के जंगल क्षेत्र तक पहुंचा, जहां पुलिस ने एक बदमाश को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि दूसरे बदमाश ने भागने के प्रयास में पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस के अनुसार, बदमाश की ओर से की गई फायरिंग के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस की फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। मौके से पुलिस ने एक पिस्टल भी बरामद की है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने और तकनीकी जांच की कार्रवाई की। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाश की स्थिति की जानकारी चिकित्सकों से ली और पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट प्राप्त की। गिरफतार आरोपियों में मोहम्मद कावीश हुसैन त्यागी पुत्र तोसीम, निवासी ग्राम अंबा बिहार, थाना खालापार, जनपद मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, उम्र 22 वर्ष, तथा शांतनु त्यागी पुत्र विनय त्यागी, निवासी ग्राम माढ़की, थाना बेहट, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, उम्र 21 वर्ष शामिल हैं। मोहम्मद कावीश मुठभेड़ के दौरान घायल हुआ है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ब्रिगेडियर मुकेश हत्याकांड में इनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे। दून पुलिस की इस कार्रवाई को हत्याकांड के खुलासे की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
