6 अप्रैल को जलापूर्ति ठप करने का अल्टिमेटम

– भुगतान न मिलने पर जल जीवन मिशन ठेकेदारों ने सीएम को भेजा ज्ञापन 

देहरादून। जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्य कर रहे ठेकेदारों ने लंबित भुगतान और कथित विभागीय उत्पीड़न के विरोध में 6 अप्रैल को 24 घंटे जलापूर्ति बंद करने तथा देहरादून में प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। इस संबंध में देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को संबोधित एक पत्र जारी किया है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने कहा कि जल जीवन मिशन से जुड़े ठेकेदारों को लंबे समय से उनके कार्यों का भुगतान नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। उन्होंने बताया कि कई ठेकेदारों ने काम पूरा करने के लिए बैंक से ऋण लिया, मशीनें किराये पर लीं और स्टाफ नियुक्त किया, लेकिन अब वे ब्याज, वेतन और अन्य खर्चों का भुगतान करने में असमर्थ हो गए हैं। अमित अग्रवाल ने आरोप लगाया कि ठेकेदार कई वर्षों से प्रशासनिक एवं विभागीय उत्पीड़न झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार शासन, अधिकारियों और मीडिया के माध्यम से अपनी समस्याएं उठाई गईं, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक समाधान नहीं निकला। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार द्वारा उत्तराखंड को लगभग 700 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई थी, लेकिन वित्तीय वर्ष समाप्त होने के बावजूद इसका लाभ ठेकेदारों तक नहीं पहुंचा। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो 6 अप्रैल 2026 की सुबह 6 बजे से 7 अप्रैल  की सुबह 6 बजे तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जलापूर्ति पूर्ण रूप से बंद रखी जाएगी। साथ ही उसी दिन देहरादून में ठेकेदार विरोध प्रदर्शन करेंगे। एसोसिएशन ने कहा कि यदि इसके बाद भी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो जल जीवन मिशन का संचालन पूर्ण रूप से बंद करने का निर्णय लिया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *