शराबियों की बारात पहुंची थाने… पुलिस ने सिखाया सबक

– देहरादून पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ जारी

देहरादून। सार्वजनिक स्थानों पर खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ दून पुलिस की मुहिम तेज हो गई है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली पुलिस ने बुधवार को राजपुर रोड, प्रिंस चौक, त्यागी रोड समेत विभिन्न इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान 35 लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर सड़क किनारे या गाड़ियों में शराब पीते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने सभी को थाने लाकर पूछताछ की और भविष्य में ऐसी गतिविधि न दोहराने की सख्त हिदायत दी।
पुलिस एक्ट के तहत सभी 35 व्यक्तियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई और कुल ₹9,000 का जुर्माना वसूला गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ में पुलिस लगातार सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर नकेल कस रही है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान जनपद भर में निरंतर जारी रहेगा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती बरती जाएगी। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई से कोई बच नहीं पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *