झाड़ू थामे धामी बोले: अब गंदगी नहीं, स्वच्छता की चलेगी लहर

– जनता के साथ मिलकर बनाएंगे स्वच्छ और सुंदर देहरादून

देहरादूनसोमवार को देहरादून की सड़कों पर एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जब उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद झाड़ू उठाकर सफाई में जुट गए। बल्लूपुर चौक पर नगर निगम देहरादून द्वारा आयोजित “स्वेच्छा से स्वच्छता” कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने न सिर्फ सफाई अभियान को गति दी, बल्कि पूरे प्रदेश को स्वच्छता का मजबूत संदेश भी दिया।

नगर निगम द्वारा 7 से 13 अप्रैल 2026 तक चलाए गए स्वच्छता सप्ताह के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “स्वच्छता कोई सरकारी ड्यूटी नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। जब तक हर व्यक्ति अपने घर, मोहल्ले और शहर की सफाई की जिम्मेदारी खुद नहीं उठाएगा, तब तक सच्चा बदलाव नहीं आएगा। स्वच्छता को हमें अपने जीवन का हिस्सा बनाना होगा।”
मुख्यमंत्री ने स्वयं सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर कूड़ा उठाया और आसपास के लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नगर निगम के इस जनभागीदारी वाले अभियान की खुलकर सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से चलाए जाएं, ताकि स्वच्छता की जागरूकता लोगों की आदत बन जाए। देहरादून को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बनाने में जनता की भागीदारी सबसे बड़ी ताकत है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  महेन्द्र भट्ट, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, विधायक  सविता कपूर, महामंत्री संगठन अजेय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *