देहरादून। जिज्ञासा विश्वविद्यालय के कृषि संकाय के छात्रों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। विश्वविद्यालय के बी.एससी. (ऑनर्स) कृषि अंतिम वर्ष के छात्र श्री प्रतीक कश्यप एवं सुश्री शिखा शर्मा ने “पुनर्योजी और लचीला: स्थिरता के माध्यम से कृषि के भविष्य का निर्माण” विषय पर आयोजित सम्मेलन में पोस्टर प्रतियोगिता में पहला पुरस्कार हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया।
माया देवी विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्रों ने भाग लिया, जहां जिज्ञासा विश्वविद्यालय के छात्रों के शोध आधारित पोस्टर को निर्णायकों द्वारा सर्वश्रेष्ठ चुना गया।प्रतियोगिता का पुरस्कार डॉ. आर. जे. उपाध्याय द्वारा प्रदान किया गया। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विश्वविद्यालय के अध्यक्ष प्रो. इरफान खान ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि शिक्षा और शोध के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की उत्कृष्टता को दर्शाती है। वहीं कुलपति प्रो. शंकर रामामूर्ति ने कहा कि विश्वविद्यालय के छात्र विभिन्न क्षेत्रों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है। कृषि संकाय के प्रमुख डॉ. मोहम्मद फैसल ने छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी संकाय के विद्यार्थी इसी प्रकार उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करते रहेंगे।
