कोटद्वार। उत्तराखंड के यमकेश्वर क्षेत्र में गुरुवार को विकास, आध्यात्म और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिला, जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रूप से विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। दोनों मुख्यमंत्रियों ने महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम की शुरुआत यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना से हुई। दोनों मुख्यमंत्रियों ने भगवान शिव से प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने दोनों अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे, जहां उन्होंने श्री विष्णु महायज्ञ में भाग लिया। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिकता जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का सबसे बड़ा स्रोत है। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सफलता के लिए सकारात्मक सोच और ईश्वर के प्रति आस्था जरूरी है। योगी ने कहा कि तीन वर्ष पहले जहां केवल श्रद्धा का भाव था, आज वहां एक भव्य मंदिर खड़ा है, जो सामूहिक प्रयासों और आस्था का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दौरान क्षेत्र को कई बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने बिथ्याणी महाविद्यालय को “आदर्श कॉलेज” के रूप में विकसित करने और क्षेत्र में मिनी स्टेडियम निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आधुनिक शिक्षा, तकनीकी संसाधन और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने पारंपरिक तरीके से दोनों मुख्यमंत्रियों का स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महाविद्यालय की नई एआई आधारित वेबसाइट का डिजिटल उद्घाटन रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एआई बॉट से संवाद कर परीक्षा प्रणाली और परिणामों की जानकारी ली, जबकि मुख्यमंत्री धामी ने छात्र संख्या और कौशल विकास योजनाओं पर चर्चा की। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय के नए भवन और सेमिनार हॉल का उद्घाटन, “विकसित भारत : एक संकल्प” पुस्तक का विमोचन तथा ओपन जिम का शिलान्यास भी किया गया। दोनों मुख्यमंत्रियों ने जिम उपकरणों पर व्यायाम कर युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डा धन सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
