जन समस्याओं के समाधान का भरोसा बना ‘जन दर्शन’, फरियादियों की संख्या 300 पार

देहरादून। देहरादून कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जन मिलन/जन दर्शन कार्यक्रम में सोमवार को जन समस्याओं का व्यापक समाधान देखने को मिला। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में भूमि विवाद, अवैध कब्जे, मुआवजा, विद्युत, पेयजल, राशन कार्ड, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आर्थिक सहायता से जुड़ी 300 से अधिक शिकायतें सामने आईं।

जन दर्शन में कई संवेदनशील मामले भी पहुंचे। शिवपुरी प्रेमनगर के एक बुजुर्ग ने पुत्र-बहू द्वारा घर से निकाले जाने की शिकायत की, जिस पर डीएम ने भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कराने और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं संपत्ति विवाद के एक अन्य मामले में जिला शासकीय अधिवक्ता (सिविल) को जांच सौंपी गई। सभांवाला क्षेत्र की एक महिला द्वारा पीएमईजीपी योजना के तहत मशीन खरीद पर सब्सिडी न मिलने और ऋण दबाव की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जांच कर राहत सुनिश्चित करने को कहा। तलाकशुदा महिला ममता रानी के राशन कार्ड से जुड़े मामले में डीएसओ को दो दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। डालनवाला क्षेत्र के अभिभावकों ने एक निजी विद्यालय पर बच्चों के उत्पीड़न और टीसी न देने का आरोप लगाया, जिस पर मुख्य शिक्षा अधिकारी को जांच के आदेश दिए गए। वहीं विधवा समुन पाल के ई-रिक्शा ऋण मामले में रायफल क्लब से आर्थिक सहायता प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। इलाज और शिक्षा सहायता से जुड़े कई मामलों पर भी प्रशासन ने संवेदनशील रुख अपनाया। जरूरतमंदों को नंदा-सुनंदा एवं रायफल क्लब के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। सिंचाई गूल पर अवैध कब्जे, अवैध डेयरी संचालन, भूमि सीमांकन, प्रमाण पत्र विवाद और मुआवजा प्रकरणों पर भी संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। डीएम ने स्पष्ट किया कि जन दर्शन का उद्देश्य केवल शिकायत सुनना नहीं, बल्कि हर पात्र व्यक्ति को समय पर न्याय और राहत उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को सभी प्रकरणों का गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और विभिन्न मामलों पर मौके पर ही कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *