देहरादून। द एशियन स्कूल में 22वें वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शैक्षणिक सत्र 2025–26 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। विद्यालय द्वारा पुरस्कारों की छह प्रमुख श्रेणियाँ निर्धारित की गईं—गवर्नर पुरस्कार, प्रिंसिपल पुरस्कार, शिक्षक पुरस्कार, कक्षाध्यापक पुरस्कार (निरंतर प्रगति के आधार पर), शत-प्रतिशत उपस्थिति पुरस्कार तथा कथा लेखन कौशल पुरस्कार।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अधिकारी (सीबीएसई) मनोज कुमार गुप्ता ने किया। समारोह में 706 विद्यार्थियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। इनमें 201 विद्यार्थियों को गवर्नर पुरस्कार, 281 को प्रिंसिपल पुरस्कार, 123 को शिक्षक पुरस्कार, 76 को कक्षाध्यापक पुरस्कार, 20 को शत-प्रतिशत उपस्थिति पुरस्कार तथा 5 विद्यार्थियों को कथा लेखन कौशल पुरस्कार प्रदान किए गए। विद्यालय के निदेशक-प्रधानाचार्य अनंत विजय दत्त थपलियाल ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह एवं विद्यालय पत्रिका भेंट कर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि मनोज कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताते हुए जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। गणेश स्तुति पर आधारित शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस अवसर पर विद्यालय की वार्षिक शैक्षणिक रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई, जिसमें विद्यार्थियों के समग्र विकास, नैतिक मूल्यों और आधुनिक एवं पारंपरिक शिक्षा के संतुलन पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम का संचालन मान्य त्यागी श्रेष्ठा थपलियाल एवं रेचल मसीही ने संयुक्त रूप से किया, जबकि समापन धन्यवाद ज्ञापन हेड गर्ल रिद्धिमा सिंह द्वारा किया गया।
