देहरादून। दून पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत वर्ष 2025 में राजपुर क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए फरार चल रही 25 हजार रुपये की इनामी अभियुक्ता हुमेरा उर्फ जोया को सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। मामले में मुख्य आरोपी राजन उर्फ जैकी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
रविवार को एसएसपी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि हत्या के पीछे प्रॉपर्टी विवाद मुख्य कारण था। जांच में सामने आया कि मृतक अजय भटेजा के सौतेले भाई अमित भटेजा ने प्रॉपर्टी में हिस्सेदारी देने के लालच में उसकी हत्या की साजिश रची थी। इसी के तहत उत्तर प्रदेश के शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को सुपारी दी गई थी। पुलिस जांच के दौरान मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ मिलकर अजय भटेजा की तकिये से मुंह दबाकर हत्या की थी। हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए आरोपियों ने शव को पंखे से लटकाने का प्रयास भी किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद आरोपियों ने कमरे की सफाई कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की और कुछ दस्तावेज व सीसीटीवी डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन पूछताछ के आधार पर फरार चल रही हुमेरा उर्फ जोया को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी की जा सकती है। गौरतलब है कि 26 मई 2025 को जतिन कुमार ने थाना राजपुर में अपने ममेरे भाई अजय भटेजा की जाखन स्थित घर में हत्या की सूचना दी थी, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
