समर्थ जैन ने जीता ओवरऑल खिताब… गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट का समापन

नैनीताल। नैनीताल स्थित लोक भवन गोल्फ कोर्स में आयोजित 21वें गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट का रविवार को शानदार समापन हुआ। तीन दिनों तक चले इस प्रतिष्ठित आयोजन में देश के 9 राज्यों से पहुंचे 179 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समापन अवसर पर राज्यपाल एवं लोक भवन गोल्फ क्लब के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। प्रतियोगिता में समर्थ जैन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि आशीष जैन दूसरे स्थान पर रहे। बेस्ट नेट वर्ग में नुसरत अब्बासी ने पहला और अंशुल छाबरा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।सुपर वेटरन ग्रॉस श्रेणी में कर्नल एस.सी. गुप्ता विजेता और एस.के. सूरी उपविजेता रहे। महिला वर्ग में डॉ. सृष्टि धौन ने बाजी मारी, जबकि आरोही अत्री रनर-अप रहीं। वेटरन ग्रॉस वर्ग में जफर इकबाल विजेता और कर्नल मनोज के. साह उपविजेता बने। जूनियर वर्ग में 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग में आलिया सिसोदिया, 12 से 14 वर्ष वर्ग में जोहेब अब्बासी और 12 वर्ष से कम आयु वर्ग में अरिहंत जोशी ने खिताब अपने नाम किए। राज्यपाल ने कहा कि गवर्नर्स कप केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन, खेल भावना और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 7 वर्ष से लेकर 81 वर्ष तक के खिलाड़ियों की भागीदारी इस आयोजन को विशेष बनाती है। साथ ही उन्होंने लोक भवन गोल्फ कोर्स की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरणीय महत्व की भी सराहना की।

इस अवसर पर प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *