देहरादून के दिल में बसी ‘बेबी डू डाई डू’, दर्शकों के प्यार से भावुक हुई पूरी स्टार कास्ट

देहरादून। किसी फिल्म की असली सफलता केवल बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों से नहीं, बल्कि दर्शकों के दिलों में बनाई गई जगह से तय होती है। इन दिनों देहरादून में फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ को मिल रहे दर्शकों के जबरदस्त प्यार ने इसकी मिसाल पेश की है। फिल्म के लगातार हाउसफुल शो ने पूरी स्टार कास्ट को भावुक कर दिया है।

राजपुर रोड स्थित एलोरा मेल्टिंग मोमेंट्स में फिल्म की सुप्रसिद्ध अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने मीडिया से बातचीत कर फिल्म की सफलता और दर्शकों के प्यार पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पिछले एक सप्ताह से फिल्म को लगातार दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। सिनेमाघरों में उमड़ रही भीड़ इस बात का प्रमाण है कि अच्छी कहानी और भावनात्मक जुड़ाव सीधे दर्शकों के दिलों तक पहुंचता है। देहरादून के दर्शकों से मिले अपार स्नेह के लिए आभार जताने फिल्म की पूरी टीम शहर पहुंची। ‘इंडिया दर्शन’ अभियान के तहत अभिनेत्री हुमा कुरैशी के साथ अभिनेता रचित सिंह, मरुधर शेखावत, निर्देशक नचिकेत सामंत और निर्माता साकिब सलीम ने दर्शकों से मुलाकात की। हुमा कुरैशी ने कहा कि दर्शकों का प्यार किसी भी पुरस्कार से बड़ा सम्मान होता है। उन्होंने देहरादूनवासियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि जिस तरह शहर के लोगों ने फिल्म को अपनाया है, वह पूरी टीम के लिए बेहद खास और यादगार अनुभव है। फिल्म टीम ने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भावनाओं को जोड़ने का जरिया भी है। जब दर्शक किसी कहानी और किरदारों को अपना लेते हैं तो कलाकारों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। इसी भावना के साथ टीम देहरादून पहुंची, ताकि दर्शकों के प्रति अपना आभार व्यक्त कर सके। कलाकारों ने कहा कि देहरादून की गर्मजोशी, अपनापन और सिनेमाप्रेम ने ‘बेबी डू डाई डू’ की यात्रा को खास बना दिया है। दर्शकों की तालियां, मुस्कान और प्यार उनके लिए किसी ट्रॉफी से कम नहीं हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी वे ऐसी कहानियां लेकर आएंगे, जो दर्शकों के दिलों से जुड़ सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *