श्रीनगर। प्रदेश में समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। गढ़वाल मंडल के विभिन्न जनपदों में 69 सहायक अध्यापक (एलटी) विशेष शिक्षा की नियुक्ति की गई है। रविवार को श्रीनगर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नव चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि विशेष शिक्षक इन बच्चों के भविष्य निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे और उनके शैक्षिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास में सहयोगी बनेंगे। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित इन शिक्षकों की नियुक्ति गढ़वाल मंडल के सात जनपदों में की गई है। इनमें पौड़ी गढ़वाल में 21, टिहरी गढ़वाल में 17, चमोली और देहरादून में 9-9, उत्तरकाशी में 8, रुद्रप्रयाग में 4 तथा हरिद्वार में 1 शिक्षक शामिल हैं। डॉ. रावत ने नवनियुक्त शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक समाज के मार्गदर्शक होते हैं। उनका दायित्व केवल पढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार करने का भी है। उन्होंने शिक्षकों से पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। विद्यालयों में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा, शिक्षकों का प्रशिक्षण और विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विशेष शिक्षकों की नियुक्ति से दिव्यांग एवं विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों को बेहतर सहयोग मिलेगा और प्रदेश में समावेशी शिक्षा की अवधारणा को और मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, नव नियुक्त शिक्षक और उनके परिजन उपस्थित रहे।