देहरादून। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जनपद देहरादून में मिलावटी और दूषित खाद्य सामग्री के खिलाफ जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान लगातार जारी है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त टीमों ने खाद्य प्रतिष्ठानों, डेयरी और मिष्ठान दुकानों का सघन निरीक्षण कर 21 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा एवं उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह के नेतृत्व में नगर निगम क्षेत्र के चकराता रोड और घंटाघर क्षेत्र में कार्रवाई की गई। टीम ने बीकानेरवाला से मावा, रबड़ी, केसर पेड़ा और मक्खन, हल्दीराम से सफेद रसगुल्ला, स्वीट लस्सी एवं प्लेन बर्फी तथा कुमार स्वीट शॉप से काजू बर्फी और कलाकंद के कुल नौ नमूने लिए।
विकासनगर में उप जिलाधिकारी विनोद कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान विभिन्न डेयरी एवं मिठाई की दुकानों से खुला पनीर, मावा, बेसन बर्फी, मिल्क केक और कलाकंद के कुल नौ नमूने संकलित किए गए। वहीं, मसूरी क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव के नेतृत्व में चाय, खुले बेसन और पनीर के तीन नमूने जांच के लिए लिए गए।
इस प्रकार मंगलवार को जनपदभर में कुल 21 खाद्य नमूने जांच के लिए संकलित किए गए। कार्रवाई के दौरान विकासनगर क्षेत्र की एक दुकान पर करीब तीन किलोग्राम बासी और अत्यधिक रंगयुक्त लड्डू पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया।
अभियान में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह, तहसीलदार विकासनगर विवेक रजौरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकासनगर संजय तिवारी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश संतोष कुमार सिंह तथा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी मसूरी कपिल देव सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
जिला प्रशासन ने खाद्य कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।