– एडिफाई वर्ल्ड स्कूल में कार्यक्रम आयोजित
देहरादून। एडिफाई वर्ल्ड स्कूल, देहरादून में सोमवार को “लाइफ स्किल्स (बेसिक)” विषय पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न सीबीएसई विद्यालयों के 60 से अधिक शिक्षकों ने प्रतिभाग कर विद्यार्थियों के व्यक्तिगत, सामाजिक और शैक्षणिक विकास में जीवन कौशल की भूमिका को समझा।
कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को जीवन कौशल की उपयोगिता से परिचित कराने के साथ ही इन्हें विद्यार्थियों की रोजमर्रा की पढ़ाई और व्यवहार से जोड़ने की व्यावहारिक रणनीतियां उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में इंटरैक्टिव चर्चाओं, व्यावहारिक गतिविधियों और उदाहरणों के माध्यम से शिक्षकों को बताया गया कि विद्यार्थियों में केवल किताबी ज्ञान विकसित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें जीवन की वास्तविक परिस्थितियों का सामना करने के लिए भी तैयार करना जरूरी है। सत्रों में आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता, समस्या-समाधान, प्रभावी संवाद, सहयोग और सकारात्मक सोच जैसे महत्वपूर्ण कौशलों पर विस्तार से चर्चा हुई। शिक्षकों ने गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने अनुभव साझा किए और यह समझने का प्रयास किया कि जीवन कौशल को कक्षा शिक्षण का हिस्सा किस तरह बनाया जा सकता है। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम की संवादात्मक एवं व्यावहारिक कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए इसे पेशेवर विकास के लिए उपयोगी मंच बताया। कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों का संचालन डॉ. पूजा नैथानी और नवनीत बिजलवान ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के समापन पर स्कूल के डायरेक्टर एडवोकेट डॉ. पंकज होलकर और प्रधानाचार्य प्रदीप गौड ने प्रतिभागी शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का निरंतर व्यावसायिक विकास विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहद जरूरी है।