नई दिल्ली/देहरादून। उत्तराखंड को नया राज्यपाल मिल गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल को मंजूरी दी है। सोमवार शाम राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं, भाजपा नेता व उत्तराखंड के पूर्व प्रभारी दुष्यंत गौतम को सिक्किम की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डॉ. ढाल सिंह बिसेन भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। वे 1990, 1993, 1998 और 2003 में मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। वर्ष 2003 से 2005 तक उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य किया। इसके बाद 2011 से 2013 तक मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष रहे। डॉ. बिसेन वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की बालाघाट संसदीय सीट से भाजपा के टिकट पर निर्वाचित हुए थे। अब उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में उनकी नियुक्ति से उन्हें संवैधानिक पद की नई जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा सिक्किम के राज्यपाल रहे ओम प्रकाश माथुर को केरल का राज्यपाल बनाया गया है, जबकि केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दुष्यंत गौतम सिक्किम के नए राज्यपाल होंगे। इसके अलावा ब्रज मोहन राम को ओडिशा और डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
छह राज्यों में नियुक्तियां
- डॉ. ढाल सिंह बिसेन — उत्तराखंड
- ओम प्रकाश माथुर — केरल
- राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर — तमिलनाडु
- ब्रज मोहन राम — ओडिशा
- डॉ. सुधा यादव — कर्नाटक
- दुष्यंत गौतम — सिक्किम