ओलंपस स्कूल में करियर समिट, 20 विश्वविद्यालयों ने विद्यार्थियों को दिखाए भविष्य के रास्ते

– कोर्स, प्रवेश प्रक्रिया, छात्रवृत्ति और प्लेसमेंट की मिली जानकारी

देहरादून। सही करियर का चुनाव विद्यार्थियों के भविष्य की दिशा तय करता है। इसी उद्देश्य से देहरादून के ओलंपस हाई स्कूल में माययूनिमेंटर की ओर से ‘करियर गाइडेंस समिट 2026-27’ का आयोजन किया गया। समिट में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे 20 विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के विकल्पों और करियर की संभावनाओं से रूबरू कराया। कार्यक्रम में कक्षा 11वीं और 12वीं के करीब 200 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया और अपने भविष्य से जुड़े सवालों के जवाब हासिल किए।

करियर समिट में दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा और उत्तराखंड समेत विभिन्न क्षेत्रों के विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अलग-अलग पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, फीस, छात्रवृत्ति, हॉस्टल सुविधाओं और प्लेसमेंट से जुड़ी अहम जानकारियां दीं। पहले सत्र में स्ट्रीम और कोर्स के चयन, प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी तथा रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा की गई। इसके बाद विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालयों के स्टॉल पर पहुंचकर प्रतिनिधियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने अपनी रुचि के अनुसार पाठ्यक्रमों, दाखिले की प्रक्रिया और भविष्य में उपलब्ध अवसरों के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस संवाद के जरिए विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के विकल्पों को समझने और करियर संबंधी दुविधाएं दूर करने का अवसर मिला।

सही मार्गदर्शन से आसान होगा करियर का चुनाव

माययूनिमेंटर के संस्थापक ओम गर्ग ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए सही करियर चुनने के दौरान उचित मार्गदर्शन मिलना और अपने सवालों के स्पष्ट जवाब प्राप्त करना बेहद जरूरी है। करियर गाइडेंस समिट का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक विकल्पों से परिचित कराना और उन्हें सोच-समझकर भविष्य का रास्ता चुनने में मदद करना है।

करियर कार्ड भरने पर मिलेगी निःशुल्क काउंसलिंग

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को करियर कार्ड भी वितरित किए गए। आयोजकों के अनुसार, करियर कार्ड भरने वाले विद्यार्थियों को माययूनिमेंटर की ओर से निःशुल्क व्यक्तिगत करियर काउंसलिंग का अवसर दिया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को अपनी रुचि और भविष्य की योजनाओं के अनुरूप करियर विकल्पों को समझने में मदद मिल सकेगी।

आयोजकों के मुताबिक, अक्टूबर महीने में देहरादून और सहारनपुर के पांच स्कूलों में करियर गाइडेंस समिट आयोजित की जा रही है। इस पहल के माध्यम से 2,050 से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को समय रहते उच्च शिक्षा और करियर के विकल्पों की जानकारी उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *