– भूमि सौदे की रकम पर थी लुटेरों की नजर
– परिचित से मिली थी नकदी की सूचना
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में इंद्रेश अस्पताल के पास दिनदहाड़े हुई 14 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई रकम में से 1.50 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। लूट की साजिश पीड़ित के परिचित के जानकारों ने रची थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को पहले से पता था कि भूमि सौदे के सिलसिले में बड़ी नकदी ले जाई जा रही है। वारदात में शामिल चार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सात नवंबर को हरिपुर कलां निवासी राजेश कुमार सोनी प्लॉट के सौदे के लिए देहरादून आए थे। उन्होंने दिनेश तिवारी से 14 लाख रुपये नकद प्राप्त किए थे। इसके बाद वह दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर के साथ अपने वाहन से इंद्रेश अस्पताल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से स्कूटी और बाइक पर सवार चार-पांच युवकों ने उनका वाहन रोक लिया। आरोपियों ने मारपीट कर पीछे की सीट पर रखा नकदी से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पटेलनगर पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने अल्का डेयरी से मेहूंवाला जाने वाले रास्ते से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी (27), जसमीत सिंह (18) और शक्ति सिंह (47) के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि दिनेश तिवारी से मिली नकदी की जानकारी के आधार पर साथियों के साथ लूट की योजना बनाई थी। पुलिस अब फरार चार आरोपियों की तलाश के साथ शेष रकम बरामद करने में जुटी है।