जल जीवन मिशन के ठेकेदारों का फूटा गुस्सा, बकाया भुगतान नहीं मिला तो होगी अनिश्चितकालीन हड़ताल

देहरादून। प्रदेश में राज्य स्थापना दिवस के जश्न और विकास के दावों के बीच जल जीवन मिशन के तहत काम करने वाले ठेकेदारों का आक्रोश सरकार और विभाग के खिलाफ बढ़ता जा रहा है। लंबे समय से बकाया भुगतान नहीं होने से आर्थिक संकट में घिरे ठेकेदारों ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भुगतान जारी नहीं किया गया तो प्रदेशभर के ठेकेदार दोबारा अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे। भुगतान की समस्या से परेशान ठेकेदारों ने इस बार की दिवाली को ‘काली दिवाली’ करार देते हुए सरकार और विभागीय अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप लगाया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने कहा कि ठेकेदार अपने भुगतान की मांग को लेकर सचिवालय से लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों तक लगातार गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। सरकार और विभाग की ओर से आश्वासन तो मिलते हैं, लेकिन भुगतान की समस्या जस की तस बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि इस संकट का असर केवल ठेकेदारों तक सीमित नहीं है। निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों की मजदूरी और सामग्री आपूर्तिकर्ताओं यानी वेंडरों का भुगतान भी अटक गया है। ठेकेदार चाहकर भी श्रमिकों की मजदूरी और सामग्री की कीमत नहीं चुका पा रहे हैं। इससे मजदूरों, वेंडरों और उनके परिवारों के सामने भी आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।
अग्रवाल ने कहा कि एक ओर प्रदेश सरकार राज्य स्थापना दिवस पर विकास और उपलब्धियों का उत्सव मना रही है, वहीं दूसरी ओर सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने वाले ठेकेदार अपने ही भुगतान के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब ठेकेदारों ने निर्धारित कार्य पूरे कर दिए हैं तो उनका भुगतान समय पर क्यों नहीं किया जा रहा है।
बैठक में मौजूद ठेकेदारों ने एकजुट होकर लंबित भुगतान तत्काल जारी करने की मांग की। एसोसिएशन ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि यदि सरकार और विभाग ने शीघ्र सकारात्मक कदम नहीं उठाए तो ठेकेदार फिर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। हड़ताल की तिथि और आंदोलन की आगे की रणनीति जल्द घोषित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *