दो सप्ताह की मशक्कत के बाद पकड़ा गया गुलदार, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट के सुई डूंगरी गांव में 13 वर्षीय छात्र हर्षित पुजारी की जान लेने वाले गुलदार को पकड़ने में वन विभाग को आखिरकार सफलता मिल गई। शुक्रवार, 20 नवंबर को तड़के करीब चार बजे गलचौड़ा के पास वन विभाग की टीम ने गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर पकड़ लिया। दो सप्ताह से गुलदार की दहशत में जी रहे ग्रामीणों ने इसके पकड़े जाने पर राहत की सांस ली है। हालांकि, यह वही गुलदार है जिसने छात्र पर हमला किया था या नहीं, इसकी पुष्टि डीएनए जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

बीती चार नवंबर को गुलदार ने सुई डूंगरी गांव में 13 वर्षीय छात्र हर्षित पुजारी पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया था। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने से डरने लगे थे और शाम होते ही गांव में सन्नाटा पसर जाता था। गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग ने छह पिंजरे और 20 कैमरा ट्रैप लगाए थे। एसडीओ सुनील कुमार और रेंजर रमेश चंद्र जोशी के नेतृत्व में 15 सदस्यीय टीम लगातार गश्त कर रही थी। रेंजर रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि शुक्रवार तड़के गलचौड़ा के पास गुलदार दिखाई देने पर टीम ने ट्रेंकुलाइज गन से उसे बेहोश कर पकड़ लिया। पशु चिकित्सक डॉ. हिमांशु पांगती के अनुसार पकड़ा गया गुलदार वयस्क नर है और घटनास्थल के काफी नजदीक मिला है। उसके हमले में शामिल होने की आशंका है, लेकिन इसकी पुष्टि देहरादून फोरेंसिक लैब की डीएनए रिपोर्ट से होगी। एसडीओ सुनील कुमार ने बताया कि अभियान में दो ट्रेंकुलाइज टीमें लगाई गई थीं। ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्रवाई पर आभार जताते हुए क्षेत्र में पिंजरे लगाए रखने और गश्त जारी रखने की मांग की है। उनका कहना है कि क्षेत्र में अभी अन्य गुलदार भी दिखाई दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *