देहरादून। द पॉली किड्स, वसंत विहार का 18वां वार्षिकोत्सव शुक्रवार को सर्वे ऑफ इंडिया ऑडिटोरियम, हाथीबड़कला में धूमधाम से मनाया गया। ‘अराउंड द वर्ल्ड’ थीम पर आयोजित समारोह में नन्हे विद्यार्थियों ने नृत्य प्रस्तुतियों के जरिए दर्शकों को दुनिया के विभिन्न देशों की सांस्कृतिक यात्रा कराई। रंग-बिरंगी वेशभूषा, आकर्षक नृत्य और बच्चों के आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों ने करीब 500 अभिभावकों का मन मोह लिया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य शिक्षा अधिकारी जगदीश प्रसाद काला ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में अलग-अलग कक्षाओं के विद्यार्थियों ने विभिन्न देशों की संस्कृति और परंपराओं को नृत्य के माध्यम से मंच पर जीवंत किया। प्ले ग्रुप के नन्हे बच्चों ने कोरियाई नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। अफ्रीकी नृत्य की ऊर्जावान प्रस्तुति ने माहौल को उत्साह से भर दिया। वहीं, पारंपरिक वेशभूषा में बच्चों ने चीनी और जापानी नृत्यों के जरिए उन देशों की सांस्कृतिक झलक पेश की। यूनाइटेड किंगडम पर आधारित प्रस्तुति ने भी दर्शकों को आकर्षित किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भारत पर आधारित भव्य समापन प्रस्तुति रही। इसमें देश की विविध संस्कृति, परंपराओं और रंगों को नृत्य के माध्यम से दर्शाया गया। दर्शकों ने तालियों के साथ नन्हे कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। मुख्य अतिथि जगदीश प्रसाद काला ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके प्रयासों को प्रोत्साहित किया।
विद्यालय के चेयरमैन कैप्टन मुकुल महेंद्रू ने कहा कि संस्थान खेल आधारित शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देता है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और विभिन्न संस्कृतियों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने अभिभावकों के विश्वास और शिक्षकों के परिश्रम के लिए आभार जताया।
निदेशक नंदिता सिंह और कैप्टन रोहित सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में संस्थापक निदेशक रंजना महेंद्रू, विनोद भट्ट, शिप्रा आनंद, शगुन बिश्नोई, सिद्धार्थ चंदोला, शालिनी, कोमल तिवारी, चलगा दंपती, ऋषभ डोभाल तथा अकादमिक एवं गतिविधि प्रमुख दिव्या जैन और दीप्ति सेठी सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।