देहरादून। राजधानी देहरादून में निर्माण, वास्तुकला और इंटीरियर जगत से जुड़ी आधुनिक तकनीकों और उत्पादों का संगम शुरू हो गया है। शुक्रवार को रेंजर्स ग्राउंड में चार दिवसीय प्रदर्शनी DECORA 3.0 का भव्य शुभारंभ हुआ। 20 से 23 नवंबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में देशभर के प्रतिष्ठित ब्रांडों, निर्माताओं और आपूर्तिकर्ताओं ने अपने उत्पादों और नवीनतम तकनीकों के साथ भागीदारी की है। प्रदर्शनी में भवन निर्माण से लेकर घरों की साज-सज्जा और आधुनिक सुविधाओं से जुड़े उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
उद्घाटन समारोह में सिंचाई विभाग के सुभाष चंद्र, रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (रेरा) के चेयरमैन अनिल कुमार यादव और मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. संदीप सिंघल मुख्य रूप से मौजूद रहे। वहीं, आर्किटेक्ट प्लानर पुनीत सेठी, काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर के रजिस्ट्रार दीपक कुमार, दिल्ली के टीआरसी की डिप्टी डायरेक्टर डॉ. रश्मि बी. टंडन और आर्किटेक्ट एवं अर्बन प्लानर शशि मोहन श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में युवती की आकर्षक नृत्य प्रस्तुति ने भी समां बांधा।
उद्घाटन के बाद अतिथियों ने विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों का भ्रमण किया। उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता, विशेषताओं और उपयोगिता की जानकारी लेने के साथ ही कंपनी प्रतिनिधियों से आधुनिक निर्माण तकनीकों और बाजार में आ रहे बदलावों पर चर्चा की।
प्रदर्शनी में 30 से अधिक श्रेणियों के उत्पादों और सेवाओं को शामिल किया गया है। इनमें सीमेंट, कंक्रीट, टीएमटी स्टील, वायर एवं केबल, विद्युत उपकरण, वातानुकूलन प्रणाली, दरवाजे-खिड़कियां, ग्लास, प्लाईवुड, लैमिनेट्स, मार्बल, टाइल्स, सैनिटरी उत्पाद, पेंट्स, प्लंबिंग, सौर ऊर्जा, मॉड्यूलर किचन, फर्नीचर और होम ऑटोमेशन जैसे उत्पाद प्रमुख हैं।
DECORA 3.0 में जनरल एयर कंडीशनर्स, वोल्टास, हैवेल्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, अडानी सीमेंट, श्याम स्टील, बिड़ला सीमेंट, बांगुर सीमेंट, सनमाइका, मर्लिनो, केईआई, वी-मार्क, कोहलर, एस्ट्रल और फेनेस्ट्रा जैसे प्रतिष्ठित ब्रांडों की भागीदारी है।
आयोजकों के अनुसार, प्रदर्शनी का उद्देश्य निर्माण और इंटीरियर उद्योग से जुड़े बिल्डर्स, कारोबारियों, ठेकेदारों, वास्तुविदों, इंजीनियरों और इंटीरियर डिजाइनरों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। इससे उद्योग से जुड़े लोगों को नए उत्पादों और आधुनिक तकनीकों की जानकारी मिलने के साथ ही व्यापारिक संपर्क बढ़ाने और नए व्यावसायिक अवसर तलाशने का मौका मिलेगा। चार दिवसीय यह प्रदर्शनी 23 नवंबर तक जारी रहेगी।