गढ़वाल व कुमाऊं के ऊंचाई वाले अधिकांश क्षेत्रों में हुई बर्फबारी
लंबे इंतजार के बाद बारिश व बर्फबारी होने से किसानों के चेहरे खिले
देहरादून
प्रदेश में ऊंचाई वाले क्षेत्रों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमनोत्री, खतलिंग गंगी भिलंगना हेमकुंड साहिब, औली, मद्दमहेर, दयारा बुग्याल, हषिर्ल, घेस, धनोल्टी, चकराता आदि जगह भारी बर्फबारी हुई है। चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, टिहरी, पिथौरागढ़, बागेर व अल्मोड़ा के निचले इलाकों में भी हल्की बर्फबारी हुई। मसूरी व नैनीताल में भी शाम ढलते ही बर्फ की फांहे गिरनी शुरू हो गई। कई जगह पारा का स्तर शून्य से नीचे लुढ़क गया।
राजधानी देहरादून व आसपास के मैदानी इलाकों में भी अलसुबह से रूक-रूककर बारिश का क्रम जारी रहा। अपराह्न को एक दौर तेज बारिश भी हुई। बारिश के कारण पारा का स्तर नीचे लुढ़क गया। वातावरण में हाड़ कंपाने वाली ठंड का असर रहा। मसूरी में भी दोपहर तक बारिश हुई और शाम ढलते ही बर्फ की फांहे गिरने लगी। धनोल्टी में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई, जिस कारण तमाम पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं।
वहीं पर्यटन कारोबारियों में भी खुशी है। चकराता व आसपास की चोटियों पर भी जमकर बर्फबारी हुई है। ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, विकासनगर व आसपास के मैदानी क्षेत्रों में भी सुबह से शाम तक रुक-रुककर बारिश होती रही। कुछ जगह ओलावृष्टि भी हुई। बारिश के चलते ठंड बढ़ गई है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा लेते रहे। शुक्रवार से मौसम खुल सकता है।
