देहरादून। उत्तराखंड के धारा नौला (अल्मोड़ा) की बेटी कविता चंद ने अंटार्कटिका की सबसे ऊंची चोटी माउंट विंसन (4,892 मीटर) फतह कर भारत का नाम रोशन किया है। कविता ने रविवार को शिखर पर पहुंचकर उपलब्धि हासिल की।
माउंट विंसन पर 40 वर्षीय कविता चढ़ाई की ‘सेवन समिट्स’ लक्ष्य की दिशा में एक अहम कदम है जिसके तहत दुनिया के सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों को फतह किया जाता है। इससे पहले कविता यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस पर भी सफलतापूर्वक चढ़ाई कर चुकी हैं जिससे वह इस चुनौती को पूरा करने की मजबूत स्थिति में पहुंच गई। दुनिया की सबसे कठोर और चुनौतीपूर्ण चोटियों में गिने जाने वाले माउंट विंसन पर अत्यधिक ठंड, पूर्ण एकांत और अंटार्कटिका के अप्रत्याशित मौसम जैसी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। कविता का अभियान तीन दिसम्बर को भारत से रवाना होने के साथ शुरू हुआ। अभियान का नेतृत्व प्रसिद्ध हाई एल्टीट्यूड गाइड मिंग्मा डेविड शेरपा ने किया। भारतीय दल को अनुभवी पर्वतारोही भरत थम्मिनेनी और उनकी एक्सपेडिशन कंपनी ‘बूट्स एंड क्रैम्पन’ का भी सहयोग मिला। तमाम चुनौतियों से पार हुए नौ सदस्यीय भारतीय टीम ने शिखर तक पहुंचने में कामयाब रही। कविता चंद ने कहा कि माउंट विंसन के शिखर पर भारतीय तिरंगा फहराना शब्दों से परे एक सम्मान है। कविता के पति दीपक चंद ठाकुर एनपीएसटी के सीईओ और सह-संस्थापक हैं।