- पुलिस मुख्यालय का घेराव कर सरकार का फूंका पुतला
देहरादून। नर्सिंग बेरोजगार युवतियों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिस कर्मियों की तरफ से की गई अभद्रता और थप्पड़ मारने की घटना के विरोध में महिला कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से चलकर पुलिस मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन कर घेराव किया।
मंगलवार को हुए प्रर्दशन में बड़ी संख्या में नर्सिंग बेरोजगार युवतियां ने शामिल होकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। इससे पूर्व महिला कांग्रेस की नेत्रियों को पुलिस मुख्यालय से पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इससे महिला कांग्रेस ने बैरिकेडिंग पर चढकर उत्तराखंड सरकार का पुतला दहन किया। इसके बाद नर्सिंग बेरोजगारों और महिला कांग्रेस की नेत्रियों व कार्यकर्ताओं को पुलिस गाड़ियो में भरकर एकता विहार लेकर छोड़ दिया।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि रोजगार की मांग करने वाली बेटियों के साथ इस प्रकार का अपमानजनक और दमनकारी व्यवहार सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करता है। धामी सरकार युवाओं की आवाज सुनने के बजाय उन पर शक्ति प्रदर्शन कर रही है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। रौतेला ने कहा कि नर्सिंग की बेटियां अपना अधिकार और रोजगार मांग रही थी, लेकिन सरकार ने उनके सवालों का जवाब संवाद से देने की बजाय थप्पड़ और धक्कों से दिया। महिला कांग्रेस ने मांग की है कि दोषी पुलिसकर्मियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई और घटना की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही नर्सिंग के लंबित रिक्त पदों पर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए। महिला कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशा मनोरमा डोबरियाल, महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला थापा, प्रदेश महासचिव निधि नेगी, सुशीला शर्मा, पुष्पा पंवार, अनुराधा तिवारी, ब्लाक अध्यक्ष अनीता सकलानी, सचिव रेखा ढींगरा, सेवादल से सावित्री थापा और मंजू सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।