– अंडर-14 बॉयज में ओवरऑल चैंपियन, अंडर-17 टीम रही रनर-अप
देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) के तलवारबाजों ने सीबीएसई नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 पदक अपने नाम किए। दमदार प्रदर्शन के दम पर एसबीपीएस ने अंडर-14 बॉयज में ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, जबकि अंडर-17 बॉयज टीम ने रनर-अप ट्रॉफी हासिल की।
रुद्रपुर स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में आयोजित चैंपियनशिप में देशभर के स्कूलों के 1500 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। एसबीपीएस फेंसिंग एकेडमी के कोच प्रदीप कोठारी के अनुसार, स्कूल के खिलाड़ियों ने फॉइल, सेबर और एपी वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-19 फॉइल बॉयज में शौर्य गैरोला ने रजत पदक जीता। अंडर-17 फॉइल में मन्नत ने रजत पदक हासिल किया। अक्षित कुमार ने व्यक्तिगत और टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीता, जबकि प्रखर भट्ट और श्लोक मेहता ने टीम इवेंट में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अंडर-14 सेबर बॉयज में आयुष्मान भट्ट ने व्यक्तिगत और टीम दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीते। अंशुमन राठौर ने व्यक्तिगत वर्ग में कांस्य और टीम इवेंट में स्वर्ण पदक हासिल किया। आर्यश गौड़ और आरुष बिष्ट ने भी टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीते। अंडर-14 एपी बॉयज में शिवांशु वियानी, कमलेश बडियारी और हर्षित की टीम ने रजत पदक हासिल किया।
बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि स्कूल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को खेलों में भी बेहतर मंच उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्कूल प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने भी सभी पदक विजेताओं को सम्मानित किया।