देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के तपोवन स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार को दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, घर में प्लंबिंग का काम करने पहुंचे एक व्यक्ति ने पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद बुजुर्ग दंपत्ति पर पेचकस से हमला कर उनकी हत्या कर दी। चीख-पुकार सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची पड़ोस की घरेलू सहायिका पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतकों की पहचान रजनी कपूर (75), उनके पति रमेश कपूर (80) और तिलया देवी उर्फ शीला (48) के रूप में हुई है। तिलया देवी पड़ोस के घर में घरेलू काम करती थीं।
दो साल से था घर में आना-जाना
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राजकुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह प्लंबर है और पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपत्ति के घर काम के सिलसिले में आता-जाता था। मंगलवार को भी उसे प्लंबिंग कार्य के लिए बुलाया गया था। काम पूरा होने के बाद भुगतान को लेकर आरोपी और दंपत्ति के बीच विवाद हो गया।आरोप है कि विवाद बढ़ने पर राजकुमार ने पेचकस से दोनों पर हमला कर दिया। उनकी चीखें सुनकर तिलया देवी मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी घर से निकलकर भागने लगा, लेकिन आसपास के लोगों ने उसे पकड़ लिया। दोपहर करीब 3:10 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली। रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को कोरोनेशन अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से कथित हत्या में प्रयुक्त पेचकस बरामद किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में आरोपी घर की ओर जाता दिखाई दिया है। पुलिस अन्य फुटेज भी खंगाल रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मृतका के परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार उसके पास से एक सोने की चेन भी मिली है। पुलिस पैसों के विवाद के अलावा वारदात के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।