“एआई के युग में सिर्फ ज्ञान नहीं, समाधान तलाशने की क्षमता जरूरी”

देहरादून। एआई के दौर में शिक्षा का उद्देश्य केवल जानकारी उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि छात्रों को समस्याओं को समझने, डेटा का सही उपयोग करने और प्रभावी समाधान तलाशने के लिए तैयार करना है। यह बात यूनाइटेड किंगडम के प्लायमाउथ यूनिवर्सिटी के बिजनेस स्कूल के हेड प्रो. इयान रॉबर्ट्स ने कही।

ग्राफिक एरा में आयोजित व्याख्यान माला में ‘बदलती दुनिया में वैश्विक कारोबार’ विषय पर छात्रों को संबोधित करते हुए प्रो. रॉबर्ट्स ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के कारण ज्ञान तक पहुंच पहले से आसान हुई है। ऐसे में छात्रों में सही जानकारी की पहचान करने, डेटा का विश्लेषण करने और उसके आधार पर समाधान विकसित करने की क्षमता का विकास जरूरी है। उन्होंने कहा कि छात्रों को वास्तविक जीवन की चुनौतियों से जोड़कर सीखने के अवसर दिए जाने चाहिए। इससे उनमें समस्या समाधान के साथ-साथ रचनात्मक सोच की क्षमता भी विकसित होगी। उन्होंने कहा कि एआई के बढ़ते प्रभाव के बीच मानवीय क्षमताओं का महत्व और बढ़ गया है। व्याख्यान माला का आयोजन यूनिवर्सिटी के ऑफिस ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स की ओर से किया गया। कार्यक्रम में प्रो-वाइस चांसलर डॉ. संतोष एस. सर्राफ, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के हेड डॉ. नवनीत रावत, डॉ. अजय पांडे, डॉ. एम.पी. सिंह सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *