एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह गिरफ्तार, 192 कार्ड बरामद

देहरादून। विकासनगर पुलिस ने एटीएम बूथों के आसपास बुजुर्गों, महिलाओं और सीधे-सादे लोगों को मदद का झांसा देकर उनके कार्ड बदलने वाले अंतरराज्यीय ठग गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 192 एटीएम/डेबिट कार्ड, 12 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, नकदी, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त कार व मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक 21 अगस्त को विकासनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि चार संदिग्ध लोग स्विफ्ट कार और बाइक से क्षेत्र में घूम रहे हैं और एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने पोंटा रोड स्थित हर्बर्टपुर के ढालीपुर पुल से पहले आम के बगीचे के पास घेराबंदी कर स्विफ्ट कार सवार चारों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 192 अलग-अलग बैंकों के एटीएम कार्ड, तमंचा और कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एटीएम बूथों के आसपास ऐसे लोगों को निशाना बनाते थे, जिन्हें पैसे निकालने में परेशानी होती थी। मदद के बहाने उनका कार्ड बदलकर पिन की जानकारी हासिल कर लेते और बाद में खाते से रकम निकाल लेते थे। वारदात के बाद फरार होने के लिए वाहन कुछ दूरी पर खड़े रखते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगमोहन (40), नीटू (40), सोनू (43) और आशु कुमार (26) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और असम समेत विभिन्न राज्यों में एटीएम ठगी के मामलों में जेल जा चुके हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विकासनगर कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बरामद 192 कार्डों और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की पड़ताल कर गिरोह से जुड़ी अन्य घटनाओं का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *