देहरादून। अब सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) के विद्यार्थियों के लिए रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिर्फ किताबों का विषय नहीं रहेगा। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल में एडवांस्ड रोबोटिक्स एंड एआई लर्निंग एंड एक्सपीरियंस सेंटर की शुरुआत की गई है। बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी के अनुसार, यह उत्तराखंड में अपनी तरह की पहली एडवांस्ड रोबोटिक्स एवं एआई लर्निंग लैब है। यहां विद्यार्थी तकनीक को पढ़ेंगे ही नहीं, बल्कि उसे प्रयोग करके सीखेंगे।
स्कूल में पिछले तीन वर्षों से रोबोटिक्स की शिक्षा दी जा रही थी। अब इस पहल को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस एडवांस्ड लैब के रूप में विस्तार दिया गया है। लैब में विद्यार्थियों को रोबोटिक्स, एडवांस्ड एआई, मैथमेटिकल मॉडलिंग, ड्रोन, आरओवी और वर्चुअल रियलिटी जैसी तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। सैद्धांतिक ज्ञान के साथ विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट और प्रयोग के माध्यम से तकनीकी समस्याओं का समाधान तलाशने का अवसर मिलेगा। लैब को केवल एसबीपीएस के विद्यार्थियों तक सीमित नहीं रखा गया है। विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के विद्यार्थी भी यहां इंटर्नशिप के माध्यम से रोबोटिक्स और अन्य आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। इससे स्कूल में विकसित तकनीकी संसाधनों और विशेषज्ञता का लाभ उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों को भी मिल सकेगा।

…अब किताबों से आगे बढ़ेगी पढ़ाई
पांच क्लब, तकनीक से उद्यमिता तक
लैब के शुभारंभ के साथ विद्यार्थियों के लिए पांच विशेष क्लब भी शुरू किए गए हैं। टाइटन लैब्स में रोबोटिक्स, रामानुजन क्लब में एआई एवं मैथमेटिकल मॉडलिंग, विक्रम क्लब में ड्रोन एवं आरओवी, टीम रेजोनेंस में डिजिटल मार्केटिंग, सोशल मीडिया एवं फोटोग्राफी और प्रोजेक्ट नॉर्थ स्टार में एंटरप्रेन्योरशिप से जुड़ी गतिविधियां होंगी। इन क्लबों के जरिए विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ रचनात्मक सोच, समस्या समाधान, टीमवर्क, नवाचार और उद्यमिता के लिए तैयार करने पर जोर दिया जाएगा।
विशेषज्ञों की निगरानी में होगा प्रशिक्षण
एक्सपीरियंस सेंटर के फाउंडर एवं सीईओ जीएनएल रवि तेजा ने एमटेक रोबोटिक्स इंजीनियरिंग की है और ह्यूमनॉइड रोबोटिक्स में पीएचडी कर रहे हैं। सेंटर की को-फाउंडर एवं सीओओ जी. झांसी लक्ष्मी एमएससी कंप्यूटर्स हैं और टीम लीड एनालिस्ट के रूप में पांच वर्षों का अनुभव रखती हैं। सेंटर के टेक्निकल एवं एकेडमिक हेड के पास इंडस्ट्रियल मैथमेटिक्स में पीएचडी के साथ 35 वर्षों से अधिक समय तक एचओडी के रूप में कार्य करने का अनुभव है।
उद्घाटन के अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल, विशेष अतिथिगण, रोबोटिक्स एवं एक्सपीरियंस सेंटर की टीम तथा विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।