केदारनाथ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को केदारनाथ धाम में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) अस्पताल का विधिवत लोकार्पण किया। “देवभूमि के शिखर पर स्वास्थ्य का नया अध्याय” की भावना से शुरू किए गए इस अस्पताल का संचालन स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस उच्च हिमालयी क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त अस्पताल का संचालन स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगा। यह अस्पताल यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों के लिए भी बेहद लाभकारी साबित होगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन द्वारा केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, ऑक्सीजन सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “स्वस्थ उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड” के संकल्प को साकार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। आयुष्मान योजना के तहत अब तक लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से प्रदेश के लाखों मरीजों को निशुल्क उपचार मिल रहा है। साथ ही प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सेवा और मानवता का भी प्रतीक है। कार्यक्रम में विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल ने अस्पताल को सेवा, समर्पण और जनकल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। इस दौरान BPCL के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय खन्ना, डॉ. कृष्ण गोपाल, सुरेश सोनी, दिनेश चंद्र, बद्री-केदार मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
