देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र के कैनाल रोड पर देर रात हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला घायल है। पुलिस ने कार चालक समेत उसके साथी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 12:45 बजे 112 के माध्यम से कैनाल रोड पर सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची तो आई-20 कार संख्या UP14DE 0052 क्षतिग्रस्त हालत में सड़क किनारे खड़ी थी। वहीं स्कूटी संख्या UK07AD 5929 और मोटरसाइकिल संख्या UK02BO 7044 भी क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी थीं। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि कार चालक ने सड़क किनारे खड़े स्कूटी और मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार महिला नैना राजपूत (26) और निधि कश्यप घायल हो गईं। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान मैक्स अस्पताल में नैना राजपूत की मौत हो गई, जबकि निधि कश्यप का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है।पुलिस ने मौके से कार चालक सुमित यादव (20) निवासी काठबंगला बस्ती और उसके साथी हाशिम (24) निवासी सुमन नगर को हिरासत में लिया। पूछताछ में चालक ने बताया कि काठबंगला से कैनाल रोड की ओर आते समय कार के ब्रेक नहीं लगे, जिसके चलते सड़क किनारे खड़े वाहनों से टक्कर हो गई।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने में दाखिल कर दिया है। मृतका के पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।