चीन में छाया देहरादून का सितारा, एसबीपीएस के आदित्य नेगी ने जीता एशिया जूनियर चैंपियनशिप में कांस्य

– डब्ल्यूएजी बैडमिंटन एशिया जूनियर चैंपियनशिप में भारतीय जोड़ी का शानदार प्रदर्शन

– क्वार्टर फाइनल में चीनी जोड़ी को दी मात

देहरादून। देहरादून के युवा शटलर आदित्य सिंह नेगी ने अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन के चेंगदू में आयोजित डब्ल्यूएजी बैडमिंटन एशिया जूनियर चैंपियनशिप 2026 में कांस्य पदक जीतकर उत्तराखंड और भारत का नाम रोशन किया। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) के कक्षा 9 के छात्र आदित्य ने अपने जोड़ीदार तन्मय वर्मा के साथ अंडर-15 पुरुष युगल वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की।

8 से 13 सितंबर 2026 तक चेंगदू में आयोजित प्रतियोगिता में एशिया के विभिन्न देशों के युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। भारतीय जोड़ी ने प्रतियोगिता में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में मेजबान चीन की मजबूत जोड़ी वांग चेंग जुंन और झांग रियो अन को कड़े मुकाबले में शिकस्त दी। आदित्य और तन्मय ने रोमांचक मुकाबले में 16-14, 12-15, 15-13 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई और भारत के लिए कांस्य पदक पक्का किया। इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि के बाद एसबीपीएस में खुशी की लहर है। स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और साथी खिलाड़ियों ने आदित्य को बधाई दी।

बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी ने आदित्य को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उसकी यह उपलब्धि स्कूल के अन्य शटलरों और छात्रों को भी मेहनत के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व देता है और स्कूल के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। एसबीपीएस बैडमिंटन एकेडमी के कोच ओम सिमल्टी ने कहा कि आदित्य ने प्रतियोगिता में शानदार धैर्य, अनुशासन और खेल कौशल का परिचय दिया। वहीं, स्कूल के प्रिंसिपल पंकज नौटियाल ने आदित्य को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उसकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ-साथ कोच के मार्गदर्शन का परिणाम है। चीन की धरती पर मिली यह पदक सफलता आदित्य के उभरते अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन करियर की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *