डीएम डॉ. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट कार्यालयों और आपदा केन्द्र का किया निरीक्षण

देहरादून। जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान  ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों, रिकॉर्ड रूम और आपदा परिचालन केन्द्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनसमस्याओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। डीएम ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, रिकॉर्ड डिजिटलीकरण और कार्यालयों में स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया।

डीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता को त्वरित राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न शाखाओं में पत्रावलियों और रिकॉर्ड के रखरखाव का अवलोकन करते हुए सभी अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और अनावश्यक विलंब से बचने को कहा। रिकॉर्ड रूम में उन्होंने रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण और श्रेणीवार संरक्षण पर विशेष जोर दिया। कार्यालयों की स्वच्छता व्यवस्था पर संतोष जताते हुए डीएम ने नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं आपदा परिचालन केन्द्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने संवेदनशील एवं भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी ली तथा मानसून को देखते हुए राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ सतर्कता बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *