डीएम सविन बंसल का जनता दर्शन: 212 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई

–  दिव्यांग बुजुर्ग का पानी बिल माफ
देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के ऋषिपर्णा सभागार में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 212 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं। डीएम ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में छबीलबाग कांवली रोड निवासी 82 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग नत्थीलाल ने बताया कि उनका पुत्र 12-13 वर्ष से लापता है और दो पोतों की जिम्मेदारी उन पर है। घर का पानी का बिल ₹31,657 आ गया था। डीएम के निर्देश पर जल संस्थान ने ब्याज ₹11,487 माफ कर वन टाइम सेटलमेंट के तहत शेष ₹20,170 राइफल फंड से जमा करने की व्यवस्था कर दी। विकासनगर निवासी मीना बंसल ने शिकायत की कि उनके पुत्र की 2023 में डिक्शन होटल में हुई दुर्घटना में मृत्यु हो गई, लेकिन कंपनी ने कोई मुआवजा नहीं दिया। डीएम ने सहायक श्रम आयुक्त को एफआईआर दर्ज कराने और लेबर कोर्ट में वाद दायर कर दो माह में निस्तारण के सख्त निर्देश दिए। धर्मपुर निवासी रोशनी रावत की दो पुत्रियों की शिक्षा और पालन-पोषण की समस्या पर डीएम ने प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा से शिक्षा कराने के निर्देश दिए। हर्रावाला निवासी बाबूराम मौर्य ने बताया कि भू-माफियाओं ने उनकी भूमि से लगती सरकारी नहर जेसीबी से क्षतिग्रस्त कर दी, जिससे गेहूं की फसल बर्बाद हो रही है। डीएम ने अपर जिलाधिकारी, एसडीएम डोईवाला और लघु सिंचाई अभियंता को तत्काल जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए। ऋषिकेश निवासी बुजुर्ग दंपति नीलम अरोड़ा ने पुत्रवधू द्वारा मारपीट और धमकियों की शिकायत पर एसडीएम को भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज करने के निर्देश दिए। जनता दर्शन में अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, पुलिस अधीक्षक यातायात लोकजित सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि जन समस्याओं का त्वरित निस्तारण जिला प्रशासन की प्राथमिकता है जिससे जनता का विश्वास निरंतर बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *