थैलेसीमिया जागरूकता मैराथन में उमड़ा जनसैलाब, खेल मंत्री रेखा आर्या ने फिटनेस का दिया संदेश

देहरादून। थैलेसीमिया जैसी गंभीर आनुवंशिक बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को पवेलियन ग्राउंड में आयोजित 5 किलोमीटर लंबी ‘रन फॉर थैलेसीमिया’ मैराथन में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवाओं, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को जन-जागरूकता का स्वरूप दे दिया।

मैराथन पवेलियन ग्राउंड से शुरू होकर कनक चौक, दिलाराम चौक और ब्रह्मकमल चौक होते हुए पुनः पवेलियन ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई। समापन समारोह में खेल मंत्री रेखा आर्या ने विजेताओं को सम्मानित किया और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर रेखा आर्या ने कहा कि “फिटनेस का मूल मंत्र खेल के प्रति जागरूकता है।” उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए खेलों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। नियमित खेलकूद और शारीरिक गतिविधियां न केवल शरीर को स्वस्थ रखती हैं, बल्कि कई गंभीर बीमारियों से भी बचाव करती हैं। थैलेसीमिया जैसी बीमारी के प्रति समाज को जागरूक करने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि मोबाइल और आरामपरस्त जीवनशैली के कारण लोगों की शारीरिक गतिविधियां लगातार घट रही हैं, जिससे कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। युवाओं को प्रतिदिन खेल और व्यायाम के लिए समय निकालने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में दीपांजलि यादव ने प्रथम, सोनाक्षी ने द्वितीय और आराधना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में रोहित ने पहला, अर्जुन ने दूसरा और हिमांशु बिष्ट ने तीसरा स्थान हासिल किया। सभी विजेताओं को मेडल और सम्मान देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. अजय आर्य, विनोद डोभाल, ऋतु डोभाल, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राजीव कुमार रंजन, अंजना सहित अनेक गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *