दिल्ली से उत्तराखंड तक दौड़ेंगी लग्ज़री DTC बसें!, सांसद बलूनी ने सीएम रेखा गुप्ता से की मुलाकात

नई दिल्ली/ देहरादून। दिल्ली में रह रहे उत्तराखंडवासियों की सुविधाओं और दिल्ली-उत्तराखंड के बीच बेहतर कनेक्टिविटी को लेकर गढ़वाल सांसद एवं भाजपा के मुख्य प्रवक्ता व राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उन्होंने उत्तराखंड से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे मुख्यमंत्री के सामने रखे।

बलूनी ने दिल्ली से रामनगर, ऋषिकेश और कोटद्वार के लिए आधुनिक लग्ज़री DTC बस सेवा शुरू करने की दिशा में पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे दिल्ली में रह रहे बड़ी संख्या में उत्तराखंडवासियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी और दिल्ली तथा उत्तराखंड के बीच परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी।

लोकभाषाओं और संस्कृति पर भी जोर

सांसद ने दिल्ली में संचालित गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी अकादमियों को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने उत्तराखंड की लोकभाषाओं, लोककला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

आधुनिक सुविधाओं से लैस हो गढ़वाल भवन

बलूनी ने दिल्ली स्थित गढ़वाल भवन के जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण की आवश्यकता भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि गढ़वाल भवन को दिल्ली में रह रहे उत्तराखंडवासियों के लिए अधिक सुविधाजनक और उपयोगी केंद्र के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। मुलाकात के बाद बलूनी ने उत्तराखंडवासियों से जुड़े इन विषयों पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सकारात्मकता और सहयोगात्मक रुख के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *