दून पुलिस का बड़ा एक्शन, जमीनी धोखाधड़ी धोखाधड़ी में पार्षद गिरफ्तार

देहरादून“ऑपरेशन प्रहार” के तहत जमीनी धोखाधड़ी के मामले में थाना नेहरू कॉलोनी ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस धोखाधड़ी के मामले में एक पार्षद को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बताया कि इससे पूर्व 20 हजार रुपये के इनामी और भूमि धोखाधड़ी के मास्टरमाइंड प्रदीप सकलानी को उसके सहयोगी सहित गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पूछताछ के दौरान प्रदीप सकलानी द्वारा अपने कई सहयोगियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के नामों का खुलासा किया गया था, जिसके आधार पर एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। गठित टीमों द्वारा संदिग्धों को विभिन्न थानों पर लाकर गहन पूछताछ की गई तथा साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। इसी क्रम में थाना नेहरू कॉलोनी में दर्ज मु0अ0सं0-82/26 धारा 420, 467, 468, 471, 120B भादवि से संबंधित प्रकरण में पार्षद अमित भण्डारी की संलिप्तता प्रकाश में आई। जांच में सामने आया कि अभियुक्त प्रदीप सकलानी एवं अन्य सहयोगियों ने एक बुजुर्ग महिला प्रतिमा लाखीराम कंसवाल की देहरादून स्थित भूमि के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनके पुत्रों के नकली मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर उक्त भूमि को तीन अलग-अलग व्यक्तियों को विक्रय कर दिया था।

गहन पूछताछ एवं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दिनांक 23-05-2026 को पार्षद अमित भण्डारी उर्फ दीपू (पुत्र स्व. प्रेम मोहन भण्डारी, निवासी वार्ड नं-56, धर्मपुर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून) को गिरफ्तार किया है। अन्य संदिग्धों में हेम भट्ट, अमजद खान, शौकत अली सहित अन्य व्यक्तियों से पूछताछ की गई है। हेम भट्ट के विरुद्ध वर्तमान में कोई पुष्ट साक्ष्य नहीं पाए गए हैं, हालांकि उनके बयानों का परीक्षण जारी है। पुलिस द्वारा अभियुक्त प्रदीप सकलानी का पुलिस कस्टडी रिमांड (PCR) प्राप्त कर आगे की पूछताछ की तैयारी की जा रही है, जिससे गिरोह से जुड़े अन्य लोगों एवं साक्ष्यों का खुलासा किया जा सके। संदिग्ध पाए गए व्यक्तियों को आवश्यक हिदायत देकर सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस द्वारा पूरे प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *