प्रेमनगर में लूट के बाद एनकाउंटर: इंस्पेक्टर नरेश राठौर घायल, एक बदमाश ढेर

देहरादून। राजधानी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात लूट की एक सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान थाना प्रभारी प्रेमनगर इंस्पेक्टर नरेश राठौर गोली लगने से घायल हो गए, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल एक बदमाश ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार देर रात पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि कुछ बदमाशों ने एक व्यक्ति से लूटपाट कर उसे गोली मार दी है। सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक देवराज ने पुलिस को बताया कि गुजरात नंबर की एक काली कार में आए बदमाशों ने तमंचे के बल पर उससे लूटपाट की। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे गोली मार दी और उसका बैग लेकर फरार हो गए। बताया गया कि लूटे गए बैग में करीब दो लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन, हिसाब-किताब की डायरी, पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी विश्रांति की दिशा में भाग निकले।

घटना के बाद पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और तत्काल बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। कुछ देर बाद जंगल क्षेत्र में संदिग्ध कार दिखाई देने पर पुलिस ने पीछा किया। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। मुठभेड़ के दौरान इंस्पेक्टर नरेश राठौर गोली लगने से घायल हो गए, जबकि पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया। उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गए।घायल इंस्पेक्टर, बदमाश और पीड़ित युवक को पहले प्रेमनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान घायल बदमाश की कोरोनेशन अस्पताल में मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे जिले में नाकाबंदी कर चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस लगातार जंगल क्षेत्र में कॉम्बिंग अभियान चला रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *