– शानदार प्रदर्शन से स्कूल का नाम किया रोशन
देहरादून । सोशल बलुनी पब्लिक स्कूल में आयोजित अश्मिता फेंसिंग सिटी लीग गर्ल्स U-20 (2025-26) प्रतियोगिता में छात्राओं ने बेहतरीन प्रदर्शन कर स्कूल का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों की 80 से अधिक बालिकाओं ने हिस्सा लिया। बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी
फॉइल कैटेगरी में एसपीएस की खिलाड़ी मन्नत मनराल और प्रियांशी कंडवाल ने ब्रॉन्ज मेडल जीता, जबकि आनंदिता सैनी ने सिल्वर और साईना बिष्ट ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। एप्पी (Epee) वर्ग में आरना चौहान और सुनैना ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। अवनी राणा ने सिल्वर और नम्या महतो ने गोल्ड मेडल जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
सेब्रे कैटेगरी में मनी कर्णिका और आंचल ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। वैष्णवी ने सिल्वर मेडल हासिल किया, जबकि आकांक्षा राठौर ने गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता के समापन पर बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। फेंसिंग एसोसिएशन उत्तराखंड के सेक्रेटरी जनरल देवेंद्र बिष्ट और पुलिस विभाग से अनूप मिश्रा ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
स्कूल के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने छात्राओं की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। साथ ही फेंसिंग कोच प्रदीप कोठारी के प्रयासों की भी सराहना की गई।
