मुख्यमंत्री धामी ने किया प्रेस क्लब की स्मारिका ‘गुलदस्ता’ का विमोचन, बोले— लोकतंत्र की मजबूती में मीडिया की भूमिका अहम

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में प्रेस क्लब की स्मारिका ‘गुलदस्ता’ का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने स्मारिका के प्रकाशन पर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं पत्रकारों को बधाई देते हुए कहा कि स्मारिकाएं किसी संस्था की गतिविधियों, उपलब्धियों, विचारों और सामाजिक सरोकारों को सहेजने का महत्वपूर्ण माध्यम होती हैं। ‘गुलदस्ता’ के माध्यम से पत्रकारिता जगत के विभिन्न पहलुओं के साथ उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और विकास यात्रा को एक मंच पर प्रस्तुत करने का प्रयास सराहनीय है।

लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है पत्रकारिता

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। मीडिया समाज को जागरूक करने के साथ जनहित से जुड़े मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और सरकार की योजनाओं एवं नीतियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता है। पत्रकार समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं, उपलब्धियों और सरोकारों को प्रमुखता से सामने लाते हैं, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था अधिक मजबूत होती है।उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, सकारात्मक और तथ्यपरक पत्रकारिता समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ विकास की दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।

राज्य आंदोलन से विकास यात्रा तक पत्रकारों का अहम योगदान

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के निर्माण और विकास की यात्रा में पत्रकारिता जगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। राज्य आंदोलन से लेकर राज्य निर्माण और वर्तमान उत्तराखंड की विकास यात्रा तक पत्रकारों ने अपनी लेखनी के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। राज्य की उपलब्धियों, स्थानीय प्रतिभाओं, पर्यटन, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों को देश-दुनिया तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ की भावना के साथ प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि मीडिया सरकार और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है। जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने में पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण है। सकारात्मक एवं तथ्यपरक पत्रकारिता प्रदेश के विकास को नई दिशा देने में सहायक बनती है।

प्रेस क्लब ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने स्मारिका ‘गुलदस्ता’ के प्रकाशन से संबंधित जानकारी साझा करते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों के हितों की रक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर भी निरंतर कार्य करता रहेगा।इस अवसर पर उत्तराखंड प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेन्द्र नेगी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सोबन सिंह गुसाईं, महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, संयुक्त मंत्री विजय जोशी व मीना नेगी, संप्रेक्षक शिवेव शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य मनमोहन लखेड़ा, भूपेन्द्र कंडारी, विरेन्द्र डंगवाल, मनवर सिंह रावत, हरीश थपलियाल, ओपी जोशी, प्रवीन बहुगुणा आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *