अल्मोड़ा। प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या शनिवार को सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के मनान पथररिया स्थित श्री रतकोट गोलू देवता मंदिर परिसर में आयोजित श्रीराम कथा महायज्ञ में शामिल हुईं। उन्होंने कथा श्रवण कर व्यासपीठ से आशीर्वाद लिया तथा प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इस अवसर पर रेखा आर्या ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, धर्म, त्याग, मर्यादा और जनसेवा का आदर्श प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि रामकथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कार और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जुड़ती है। उन्होंने श्रीराम कथा महायज्ञ के सफल आयोजन के लिए मंदिर समिति, यजमानों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। कथा के दौरान कथावाचक पंडित योगेश्वर दास जोशी ने भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का संगीतमय वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने सोमेश्वर स्थित अपने निजी आवास पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक भी की। बैठक में संगठन की मजबूती और क्षेत्रीय विकास के मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान कई लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।बैठक को संबोधित करते हुए रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रहा है, जिससे जनता का भाजपा पर विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में सोमेश्वर सहित पूरे प्रदेश में भाजपा को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा।
बैठक के दौरान जगदीश गिरी गोस्वामी, आनंद गिरि, केशी राम, वसंत राम, नारायण राम, प्रकाश राम, मंगल राम, महेंद्र गिरी, कैलाश राम, भगत राम, महेश राम, हरीश राम, दर्शन गिरी, गणेश गिरी, शेर सिंह राम और विपिन चंद्र जोशी सहित कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रमों में भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, मुख्य पुजारी जीवन चंद्र उप्रेती, मंदिर समिति अध्यक्ष आशुतोष पांडे, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, मंडल अध्यक्ष सुंदर सिंह राणा, महामंत्री कृष्णा भंडारी, युवा मोर्चा अध्यक्ष शंकर बिष्ट सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, स्थानीय ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
