शिक्षा के जरिए संस्कार निर्माण का लिया संकल्प

– विद्या ज्योति’ सेवा प्रोजेक्ट पर राज्य स्तरीय कार्यशाला

देहरादून। उत्तराखंड सत्य साई संगठन के तत्वावधान में ‘विद्या ज्योति’ सेवा प्रोजेक्ट के तहत राज्य स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।  कार्यशाला में  मुख्य रूप से शिक्षा सेवा के दायरे का विस्तार, अधिक विद्यालयों को परियोजना से जोड़ने तथा क्रियान्वयन की स्पष्ट रणनीति पर मंथन किया गया।

डीएल रोड स्थित परिसर में कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं गणपति वंदना के साथ हुआ। कार्यक्रम में  मुख्य वक्ता एवं सेंट्रल जोन प्रेसिडेंट भरत झावर ने कहा कि ‘विद्या ज्योति’ केवल शैक्षणिक सहायता कार्यक्रम नहीं, बल्कि संस्कार, सेवा और समर्पण पर आधारित एक व्यापक सामाजिक आंदोलन है। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण व मूल्यपरक शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए अधिकाधिक विद्यालयों के चिन्हांकन का आह्वान किया। डॉ. अपर्णा तिवारी ने वर्चुअल माध्यम से शिक्षा के मानवीय एवं नैतिक पक्ष पर अपने विचार साझा किए। तकनीकी सत्र में आर्किटेक्ट श्रीलता रामकुमार ने परियोजना की चरणबद्ध कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण संरचना, मूल्यांकन प्रणाली और रिपोर्टिंग ढांचे पर विस्तृत प्रस्तुति दी। ‘आगे का रास्ता’ विषय पर डॉ. राकेश वर्मा ने समन्वित योजना, सतत प्रशिक्षण और नियमित समीक्षा की आवश्यकता बताई। स्टेट प्रेसिडेंट कर्नल योगेंद्र सिंह ने भावी योजनाओं की जानकारी दी। अंत में मंगल आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *