नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा

– हिस्ट्रीशीटर समेत दो अभियुक्त गिरफ्तार

देहरादून। जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो नशा तस्करों को अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है।

पहली कार्रवाई कोतवाली विकासनगर क्षेत्र में की गई। पुलिस टीम ने 28 फरवरी को अम्बाडी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर हैदर उर्फ जग्गा (27) निवासी ग्राम अम्बाडी को चेतना क्लब ग्राउंड के पास से 230 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार हैदर हिस्ट्रीशीटर है और उस पर चोरी, आर्म्स एक्ट, मादक पदार्थों की तस्करी व गुंडा एक्ट सहित कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं। वह पूर्व में भी कई बार जेल जा चुका है।

दूसरी कार्रवाई कोतवाली डोईवाला पुलिस ने जाखन बस्ती, लालतप्पड़ क्षेत्र में की। यहां से राहुल उर्फ लक्की (21) निवासी पंचवटी कॉलोनी, कुड़कावाला रोड को 252 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने फुटकर चरस बेचने की बात स्वीकार की है। उसके खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने अभियान जारी रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *