– एयर राइफल्स में ऋषभ ने ऑल इंडिया रैंक-11 और काव्यांशी ने रैंक-13 हासिल की
– एयर पिस्टल वर्ग में श्रेयांश और आर्यन का चयन
देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) शूटिंग एकादमी के सात खिलाड़ियों का चयन 69वें नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। प्रतियोगिता के एयर राइफल वर्ग में स्कूल के निशानेबाज ऋषभ ध्यानी ने आल इंडिया में 11 वीं रैंक बनाई जबकि काव्यांशी ने 13वीं रैंक हासिल की। गुरुवार को स्कूल पहुंचने पर चयनित खिलाड़ियों का सम्मान किया गया।
बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी ने नेशनल के लिए चयनित सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले ये खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करेंगे। नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इंडिया ओपन शूटिंग चैंपियनशिप कम क्वालिफिकेशन फॉर 69वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन देहरादून में महाराण प्रताप स्पोर्ट्स कालेज के शूटिंग रेंज में आयोजित किया गया। एसबीपीएस शूटिंग एकादमी के कोच अक्षय आनंद ने बताया कि यह प्रतियोगिता 15 से 21 मई तक देहरादून में आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से 2000 से अधिक निशानेबाजों ने भाग लिया।एसबीपीएस शूटिंग एकादमी के कोच अक्षय आनंद ने बताया कि एयर राइफल वर्ग में ऋषभ ध्यानी ने 404.9 स्कोर के साथ ऑल इंडिया रैंक-11 हासिल की जबकि काव्यांशी ने 405 स्कोर के साथ ऑल इंडिया रैंक-13 प्राप्त की। इसके अलावा अवनी भंडारी ने 389.8 स्कोर किया, वहीं प्रभात कुकरेती ने 395.5 स्कोर तो समर्थ ने 386 स्कोर हासिल किया। एयर पिस्टल वर्ग में एसबीपीएस के आर्यन रावत ने 400 में से 364 अंक प्राप्त किए। जबकि श्रेयांश कोठारी ने भी 400 में से 364 अंक अर्जित किए। इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने सभी चयनित छात्रों तथा शूटिंग कोच अक्षय आनंद को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय के लिए गौरव की बात है और सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
